Bihar Police : चुनावी ड्यूटी करने आया बिहार पुलिस का जवान हो गया निलंबित; लापरवाही में चोरी हो गई उसकी रायफल

Bihar : लोक सभा चुनाव में एक सिपाही की ड्यूटी लगी। शुक्रवार की सुबह जब वह सोकर जगा तो सन्न रह गया। उनका लोडेड रायफल वहां से गायब था। लापरवाही के आरोप में सिपाही तत्काल निलंबित हो गया, अब पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
नवादा में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है, लेकिन इससे पहले वहां तैनात सिपाही का रायफल 20 राउंड गोली के साथ गायब हो गया। सिपाही ने इस बात की सूचना तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को दी, लेकिन हथियार गायब होने की जानकारी मिलते ही वरीय अधिकारी ने उस पुलिस के जवान पर कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित का दिया। यह घटना पकरीबरावां के राजेबीघा गांव की है। सिपाही उत्तम कुमार ने पकरीबरावां थाना में अपने रायफल और गोली की चोरी का मामला दर्ज कराया है।
सोकर जगे तो गोली लोडेड रायफल गायब
सिपाही उत्तम कुमार ने थाना में दिए गये आवेदन में लिखा है कि पोलिंग पार्टी के साथ पांच सुरक्षा बलों को लगाया गया था, जिसमें एक उत्तम कुमार भी था। मतदान केंद्र के करीब 200 मीटर की दूरी पर गुरुवार की रात में एक बारात ठहरी हुई थी। उत्तम कुमार सुबह में जब जगे तो उन्होंने अपना रायफल वहां से गायब पाया। अपना रायफल वहां न देखकर उत्तम काफी परेशान हो गये और इधर उधर खोजने लगे, लेकिन उनका रायफल कहीं नहीं मिला। तब उत्तम ने इस बात की जानकारी अपने वरीय अधिकारी को दी। सिपाही का आरोप है कि बारात में आए किसी शख्स ने राइफल चोरी की है। मामला दर्ज होते ही पुलिस छापेमारी करना शुरू कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पदाधिकारी ने उस सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस घटना में पुलिस ने छापेमारी करते हुए बाराती के तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
समस्तीपुर जिला बल के सिपाही उत्तम कुमार राउत ने बताया कि एसएलआर रायफल में 20 राउंड गोली भी लोड थी। पुलिस रायफल की खोजबीन में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही किसी नतीजे तक पहुंचा जा सकता है।