Bihar Politics: ना बाबा ना… राजद का दांव, जानें क्यों हेलीकॉप्टर पर नहीं चढ़े ‘सन ऑफ मल्लाह

Lok Sabha Election 2024 राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के रणनीतिकारों ने एक दांव चला। दरअसल मुकेश सहनी के कुछ समर्थकों ने प्रचार कर दिया कि भीड़ मुकेश सहनी को देखने जुटती है। इसके बाद राजद के रणनीतिकारों ने मुकेश सहनी को अकेले रैली में जाने की योजना बनाई। हेलीकॉप्टर भी आ चुका था लेकिन मुकेश सहनी नहीं पहुंचे। अब वे तेजस्वी के साथ रैली करेंगे।
नई दिल्ली। इस बात पर किसी को संदेह नहीं है कि बिहार में महागठबंधन के असली स्टार प्रचारक पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ही हैं। वह एक दिन में पांच-छह सभाओं को संबोधित करते हैं। उन्हें सुनने के लिए भीड़ भी जुट रही है। वह बेरोजगारों को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन देते हैं तो भीड़ ताली बजाती है।
तीन दिन पहले तक उनकी सभाओं में स्वयं को सन ऑफ मल्लाह कहने वाले मुकेश सहनी भी अनिवार्य रूप से शामिल रहते थे। इधर, सहनी के कुछ समर्थकों ने यह प्रचारित करना शुरू कर दिया कि भीड़ तो सन ऑफ मल्लाह को सुनने के लिए जुटती है। यह चर्चा राजद के रणनीतिकारों तक पहुंची। तय किया गया कि एक दिन सन ऑफ मल्लाह को स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में भेजा जाए। यानी वह अकेले हेलीकॉप्टर की सवारी करें। चुनावी सभा को संबोधित करें।
नहीं पहुंचे मुकेश सहनी
योजना के अनुसार उन्हें हेलीकॉप्टर की सुविधा दी गई। पायलट इंतजार करते रह गए। सन ऑफ मल्लाह हेलीकॉप्टर की सवारी के लिए नहीं आए। अब वह पहले की तरह तेजस्वी के साथ साझा प्रचार करेंगे।
यहां दिखे नहीं,ओडिशा में क्या करेंगे
केंद्रीय राज्य मंत्री जान बारला भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में ओडिशा चुनाव प्रचार करने गए हैं। वह राज्य के सुंदरगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जुवेल ओरांव के लिए प्रचार कर रहे हैं। ओडिशा में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा का भी चुनाव
है।