उत्तराखंडबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीय

रुड़की में देह व्यापार और नशे के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

रुड़की। रुड़की महानगर में दिनोंदिन बढ़ते देह व्यापार, नशा, सट्टा और जुए के अवैध कारोबार के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर चौक पर प्रदर्शन किया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिला कांग्रेस कमेटी महानगर के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुबह 10:30 बजे एकत्र होकर शहर में फैल रहे अनैतिक धंधों को लेकर प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देह व्यापार, सट्टा, स्मैक और अन्य नशे के कारोबार से महानगर की छवि धूमिल हो रही है और युवा पीढ़ी बर्बादी की कगार पर पहुंच रही है। लेकिन प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है।

प्रदर्शन के दौरान जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की, तो मौके पर पहुंची पुलिस ने पुतला छीन लिया, जिससे कुछ देर के लिए हल्का तनाव और नोकझोंक की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में कांग्रेस कार्यकर्ता दोबारा पुतला लेकर आए और विरोध दर्ज कराते हुए पुतला दहन किया।

राजेंद्र चौधरी ने कहा कि जब तक प्रशासन इन अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करता, तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ये अवैध कार्य किनके संरक्षण में फल-फूल रहे हैं? यदि शासन-प्रशासन ईमानदारी से काम करता, तो ये हालत न होते।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही देह व्यापार, स्मैक और सट्टे के कारोबार पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर सरकार को घेरने का काम करेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।

Related Articles

Back to top button