73वीं जनपद स्तरीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का हुआ समापन
खेल से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। छात्रों के अंदर नेतृत्व क्षमता तथा संघर्ष करने की क्षमता का विकास होता है।

सैदपुर। गाजीपुर । (जस्ट एक्शन) नगर में स्थित टाउन नेशनल इंटर कॉलेज सैदपुर के प्रांगण में तीन दिवसीय 73वीं जनपद स्तरीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं आमंत्रित विशिष्ट जनों का माल्यार्पण द्वारा स्वागत हुआ। मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी, रामशरण सिंह ने खेल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि खेल से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। छात्रों के अंदर नेतृत्व क्षमता तथा संघर्ष करने की क्षमता का विकास होता है। खेल में प्रतिभाग करने वाले छात्र अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। विशिष्ट अतिथि पूर्व संकाय अध्यक्ष, कला संकाय काशी हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी के प्रोफेसर सूर्यनाथ पांडेय ने बताया कि खेल से सामूहिक भावना का विकास होता है। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है, इसलिए खेल बहुत ही आवश्यक होता है। प्रोफेसर सूर्यनाथ पांडेय इसी विद्यालय के पुरातन छात्र रहे हैं। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक बदलाव के चलते विद्यालय में भी काफी बदलाव हुआ है। ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से छात्र तथा विद्यालय दोनों का नाम होता है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व शिक्षक विधायक डॉ प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि खेलकूद मानव मन को प्रसन्न और उत्साहित बनाए रखते हैं। खेलों से नियम पालन के स्वभाव का विकास होता है और मन एकाग्र होता है। खेल में भाग लेने से खिलाड़ियों में सहिष्णुता,धैर्य और साहस का विकास होता है तथा सामूहिक सद्भाव और भाईचारे की भावना बढ़ती है। विद्यालय के स्काउट मास्टर कमलेश प्रजापति के निर्देशन में स्काउट के छात्रों ने आमंत्रित अतिथियों का सलामी देकर सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक, उदयभान ने किया तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का संचालन प्रत्युष कुमार त्रिपाठी ने किया। अंत में मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वारा इस प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की गयी। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अनिल कुमार विश्वकर्मा तथा खेल शिक्षक डाॅ रुद्रपाल यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्रभात कुमार राय, अरविंद प्रताप सिंह, लक्ष्मी राम, शिव प्रकाश यादव, योगेंद्र कुमार, राज नारायण राम, संतोष शर्मा, अशोक यादव, वैभव निगम, डाॅ राम रुचि, अनिल राम, हरिप्रकाश वर्मा, अजय वर्मा, रामकुमार चतुर्वेदी, इरशाद राइनी, सदरे आलम आदि लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सराहनीय प्रयास किये।