अमेठीउत्तर प्रदेशबड़ी खबर

अमेठी में सेवा संकल्प अभियान के तहत 5 लाख दीपों से होगा विशेष आयोजन

अमेठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ आयोजित किया जा रहा है। अमेठी में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सेवा, संगठन और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत जिले में करीब पांच लाख दीप जलाकर विशेष प्रकाश सज्जा की जाएगी। आयोजन में जनसंघ काल के 76 कार्यकर्ताओं और समाज के 15 प्रबुद्धजनों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।

अभियान के दौरान अमेठी में कुल 13 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है। इनमें ‘आशीर्वाद के दीये’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की—25 साल, 25 कहानी’, ‘सेवा ज्योति यात्रा—बड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा रंग’, ‘नवाचार चुनौती’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

अभियान को लेकर जिले में संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां देकर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी है। अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन और सामाजिक सहभागिता से जुड़े संदेश को लोगों तक पहुंचाने की योजना है।

जिला स्तर पर अभियान को व्यापक रूप देने के लिए लगातार बैठकें और तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों के अनुसार अलग-अलग वर्गों की सहभागिता से कार्यक्रमों को जनभागीदारी के रूप में आयोजित किया जाएगा।

Poonam Report

Related Articles

Back to top button