मथुरा के प्राथमिक विद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान का शुभारंभ

मथुरा के विकासखंड क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय असगरपुर में मंगलवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा के तहत हुए इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सेवा, संस्कार और विकसित भारत की संकल्पना के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का अवलोकन किया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
किशन चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी और विद्यार्थी देश की महत्वपूर्ण ताकत हैं। उन्होंने बच्चों को मेहनत, नैतिक संस्कार और निस्वार्थ सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सकारात्मक सोच और प्रयास देश के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार और रचनात्मक सोच साझा की। अन्य अतिथियों ने भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारों को देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अजय सिंह राजावत, पार्षद लक्ष्मण सैनी, उपाध्यक्ष वीर सिंह गुर्जर, पूर्व उपाध्यक्ष शिवराम शर्मा, ठा. नारायण सिंह, नितिन भारद्वाज, हेमंत बघेल, नोडल अधिकारी सौरभ, खंड शिक्षा अधिकारी मथुरा, विद्यालय की प्राचार्या सहित क्षेत्र के शिक्षक और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Poonam Report



