अयोध्याउत्तर प्रदेशबड़ी खबर

30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या, 30 देशों से प्रवासी भारतीयों को न्योता

अयोध्या। दीपोत्सव-2026 को भव्य और नए स्वरूप में आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार अयोध्या में करीब 30 लाख दीप जलाने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही शहर की सड़कों और सरयू तट को रामायण आधारित सजावट से सजाने की तैयारी है। आयोजन में आम लोगों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए MyGov यूपी के माध्यम से लोगों से सुझाव भी मांगे जाएंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात के साथ दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं, शहर की सजावट, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

दीपोत्सव में इस बार 2,100 ड्रोन का शो प्रमुख आकर्षणों में शामिल करने की योजना है। इसे दीपोत्सव के दिन के अलावा दो दिन बाद होने वाले जमघट में भी आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा 3डी प्रोजेक्शन, लेजर शो और म्यूजिकल ग्रीन फायरवर्क्स भी आयोजन का हिस्सा होंगे।

अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न देशों के पर्यटन और संस्कृति मंत्रियों या उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की योजना है। 30 से अधिक देशों में भारतीय दूतावासों और राजदूतों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों को भी दीपोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने ऐसे सेल्फी प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए हैं, जिससे पैदल चलने वाले लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। रामायण के अलग-अलग कांडों पर आधारित सड़क किनारे इंस्टॉलेशन लगाने की भी योजना है। इनमें सरल भाषा में रामायण की कहानी की जानकारी देने की बात कही गई है, ताकि बच्चे भी उसे आसानी से समझ सकें।

धर्मपथ पर रामायण आधारित 10 प्रवेश द्वार और अयोध्या आने वाले प्रमुख मार्गों पर तीन अन्य रामायण द्वार बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। सरयू में पुष्पक विमान के स्थायी स्वरूप वाला इंस्टॉलेशन लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

दीपोत्सव के दौरान 2,100 से अधिक बटुकों द्वारा सामूहिक सरयू आरती, 240 से अधिक मंदिरों और मठों में दीप प्रज्ज्वलन तथा उद्योग एवं व्यापार संगठनों के सहयोग से 25 प्रमुख चौराहों को सजाने की योजना है।

दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्थाओं, स्वयंसेवकों के समन्वय और श्रद्धालुओं की संख्या गिनने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई। तैयारियों में जिला प्रशासन, श्री अयोध्याजी तीर्थ विकास परिषद और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की भागीदारी रहेगी। सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत और राम की पैड़ी क्षेत्र के कार्यों को समय से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में विभिन्न विभागों की 284 विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं की कुल लागत 5,452.79 करोड़ रुपये बताई गई है।

Poonam Report

Related Articles

Back to top button