अशोक सिंघल के जीवन पर बनी 20-25 मिनट की लघु फिल्म, देशभर में दिखाई जा रही : चंपत राय

अयोध्या। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष और अशोक सिंघल फाउंडेशन के न्यासी चंपत राय ने गुरुवार को कारसेवकपुरम में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि अशोक सिंघल के जीवन पर 20 से 25 मिनट की एक लघु फिल्म तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म देश के कई स्थानों पर दिखाई जा रही है।
चंपत राय के अनुसार अशोक सिंघल के प्रति श्रद्धा रखने वाले दिल्ली के एक कारोबारी परिवार ने उनके नाम पर ‘अशोक सिंघल फाउंडेशन’ ट्रस्ट बनाया है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन के सभी खर्च इसी परिवार द्वारा वहन किए जाते हैं और इसके लिए समाज से कोई अतिरिक्त धन एकत्र नहीं किया जाता। परिवार अपने व्यापारिक लाभांश का उपयोग फाउंडेशन के कार्यों में करता है।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की ओर से अशोक सिंघल की विस्तृत जीवनी हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित की गई है। इसके अलावा उनके जीवन पर तैयार की गई छोटी पुस्तक भी लोगों को उपलब्ध कराई जा रही है। चंपत राय ने कहा कि वर्ष 2026 में अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी के अवसर पर देशभर में करीब एक हजार स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है।
कार्यक्रम में जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य महाराज ने अशोक सिंघल के सामाजिक और धार्मिक कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल ने अपना जीवन श्रीराम मंदिर आंदोलन और सेवा कार्यों के लिए समर्पित किया था। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों को भी अशोक सिंघल के प्रति श्रद्धांजलि बताया।
कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येंद्र बारी सहित कई लोगों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास, डॉ. राकेश शास्त्री, मंगल भवन के महंत कृपाल राम भूषण दास, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी और पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने शिविर का निरीक्षण किया।
Poonam Report.



