कोलकाता से अयोध्या जा रहा जलयान बस्ती में फंसा, सरयू नदी में करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना

Alisba
कोलकाता से अयोध्या जा रहा जलयान बस्ती बस्ती में सरयू नदी में फंस गया। इसके बाद कई टीम के अधिकारी बस्ती जिले के सभी लोग उसको निकालने में लग गए। बताया जा रहा था कि कोहरे के कारण कई बार दिशाहीन होकर जलयान फंस जा रहा है। इसके कारण उसे अयोध्या पहुंचने में काफी दिन की देर हो चुकी है।
वसीम अहमद, बस्ती: बस्ती में कोलकाता से अयोध्या जा रहा जलयान कटरिया चांदपुर तटबंध के कटरिया गांव के पास बने ठोकर नंबर एक के करीब सरयू नदी की उथल में फंस गया है। इसको निकालने के लिए जलयान के कर्मचारी लगे हुए हैं। हालांकि 24 घंटे बीत जाने के बाद उन्हें कामयाबी मिल सकी। जलयान के फंसने से आस-पास के सैंकड़ों ग्रामीण नदी के किनारे उसे देखने पहुंच गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और बाढ़ विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी।
कोलकाता के सागर आइलैंड से सात जनवरी को निकला कैटमारान इलैक्ट्रिक जलयान कई बाधाओं को पार करता हुआ अयोध्या जा रहा है। पोत परिवहन और जल मार्ग मंत्रालय ने कोलकाता से अयोध्या तक घाघरा नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या 40 घोषित किया है। सैकड़ो किलोमीटर लंबे इस जल मार्ग का शेड्यूल विभाग ने जारी कर दिया था। जानकारी के मुताबिक इस जलयान को 17 जनवरी तक अयोध्या पहुंच जाना था, लेकिन घाघरा नदी में कई स्थानों पर पीपा पुल खोलने, कोहरे के कारण दिशा भ्रम और कई स्थानों पर पानी का जलस्तर कम होने के कारण यह भारी भरकम जलयान जगह-जगह फंस जा रहा था। ऐसे में जलयान को अयोध्या पहुंचने में और समय लग सकता है।
मंगलवार की सुबह से ही फंसे जलयान के निकालने के लिए जलयान के कर्मचारी लगे हुए थे। दोपहर करीब बारह बजे जलयान निकल गया, लेकिन करीब चार सौ मीटर आगे जाने पर एक बार फिर फंस गया था। देर शाम तक रेसक्यू टीम को सफलता मिल गई। हालांकि नदी में जगह-जगह पहले से ही अधिक गहराई वाले स्थानों पर झंड़ी लगाया गया था। वही बाढ़ खंड के भी कर्मचारी ठोकर के पास मौजूद रहे। सरयू नदी में फंसे जलयान को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।