Barabanki News: 22 करोड़ से फोरलेन होगा शहर से निकला हाईवे

बाराबंकी। शहर के अंदर से निकला हाईवे भी फोरलेन होगा। इस पर करीब 22 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसका प्रस्ताव तैयार कर डीएम के अनुमोदन के बाद स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया गया था। इसमें से कुछ भाग को शासन ने स्वीकृति भी दे दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि शेष भाग को जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी।
असेनी मोड़ से लेकर रामनगर तिराहे तक करीब छह किमी हाईवे शहर के अंदर से निकला हुआ है। जिलाधिकारी आवास के आगे से लेकर पल्हरी चौराहे तक तो हाईवे फोरलेन बना है, इस पर डिवाइडर भी बना हुआ है और हाईमास्क लाइटें भी लगी हुई हैं। लेकिन पल्हरी चौराहे से लेकर रामनगर तिराहे तक और जिलाधिकारी आवास से लेकर असेनी मोड़ तक बने हाईवे को फोरलेन बनाया जाना है। यहां पर डिवाइडर बनाया जाएगा और हाईमास्क लाइटें भी लगाई जाएंगी।
जिलाधिकारी इसको लेकर गंभीर हैं और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराए जाने को लेकर प्रयासरत हैं। लोक निर्माण विभाग खंड तीन के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राय बताते हैं कि डीएम के निर्देश के बाद शहर के अंदर से निकले हाईवे को फोरलेन बनाए जाने के लिए करीब 22 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कराकर डीएम के अनुमोदन के बाद शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है।
जाम की समस्या से मिलेगी निजात
शहर के अंदर से गुजरे हाईवे पर देवा तिराहे, लखपेड़ाबाग चौराहे, सतरिख नाका, पल्हरी चौराहे और रामनगर तिराहे के निकट आए दिन जाम लग जाता है, जिससे शहर के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शहरवासियों की इस समस्या को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए हाईवे के चौड़ीकरण का प्रस्ताव बनाकर शासन को स्वीकृति के लिए भिजवाया है। हाईवे फोरलेन बन जाने से लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
शहर के अंदर से गुजरे हाईवे को फोरलेन में तब्दील किया जाना है। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। शासन ने कुछ भाग पर कार्य के लिए स्वीकृति भी दे दी है। जो भाग अवशेष रह गया है, उसकी भी जल्द स्वीकृति मिल जाएगी। इसके लिए प्रयास जारी है।
– सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी