महराजगंज की रूपा देवी की जर्सी गाय ने जीता 1.51 लाख रुपये का राष्ट्रीय पुरस्कार

गोरखपुर मंडल से जुड़ी श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एमपीओ) की सदस्य रूपा देवी की जर्सी गाय ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पशु मेले में दूसरा पुरस्कार हासिल किया है। महराजगंज जिले के सहजनवा बाबू गांव की रहने वाली रूपा देवी की गाय को 1.51 लाख रुपये का पुरस्कार मिला है।
वाराणसी में नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की ओर से 19 और 20 सितंबर को आयोजित ‘रंगीलो काशी’ राष्ट्रीय स्तर के पशु मेले में यह पुरस्कार दिया गया। रूपा देवी की जर्सी गाय ने 24 घंटे में 25 लीटर से अधिक दूध उत्पादन के आधार पर द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया।
पुरस्कार नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह ने प्रदान किया। एमपीओ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी धनराज साहनी ने बताया कि रूपा देवी की गाय की इस उपलब्धि से संगठन से जुड़ी अन्य महिला दुग्ध उत्पादकों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ का गठन राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से किया गया है। यह संस्था गोरखपुर मंडल के सभी जिलों में कार्य कर रही है और इसका पूरा स्वामित्व महिला दुग्ध उत्पादकों के पास है। संस्था से अब तक 77 हजार से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक जुड़ चुकी हैं।
एमपीओ का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर डेयरी व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। इससे महिलाओं के परिवारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। संगठन से जुड़ी महिलाएं दूध उत्पादन और आपूर्ति के साथ वैज्ञानिक पशुपालन, बेहतर पशु प्रबंधन और नई तकनीकों को अपनाने पर भी काम कर रही हैं।
रूपा देवी की जर्सी गाय को मिले इस राष्ट्रीय पुरस्कार को महिला दुग्ध उत्पादकों और ग्रामीण डेयरी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
Poonam Report



