उत्तर प्रदेशलखनऊ

नोएडा से अयोध्या जाना हुआ आसान : पहले दिन राम मंदिर के लिए चलीं तीन बसें, जानिए कितने रुपए है किराया

Alisba

अयोध्या में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होने के बाद भक्तों में उत्साह का माहौल है। राम भक्त अयोध्या में रामलाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अगर एनसीआर के रामभक्त अयोध्या जाना चाहते हैं तो उनके लिए यह खास खबर है। नोएडा डिपो से 1081 रुपये में अयोध्या जा सकेंगे। सेक्टर-35 स्थित मोरना डिपो की तरफ से मंगलवार को तीन बसें चलाई गई हैं। पहली बास सुबह 9 बजे, दूसरी दोपहर 2 बजे और तीसरी बस शाम 6 बजे रवाना की गई। डिपो से पहले अयोध्या के लिए बसें नहीं थीं।

पूछताछ के लिए बनाए जाएंगे केंद्र

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि बसें अलग-अलग समय पर अयोध्या के लिए चलाई जाएंगी। सभी बसों में झंडे लगवाए गए हैं। बसों की साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बस के समय और उससे जुड़ी सभी जानकारियां पूछताछ केंद्र पर लोगों को मिलेंगी। हर दिन तीन बस नोएडा डिपो से और तीन बस अयोध्या से चलेंगी। यदि यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी तो बस की संख्या बढ़ा दी जाएगी। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

लखनऊ होकर जाएगी अयोध्या

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि चालक और परिचालकों को यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी चालक या परिचालक की शिकायत मिलेगी, तो उस पर कार्रवाई होगी। अयोध्या के लिए बस की सुविधा लगातार जारी रहेगी। बसों को सीएनजी लखनऊ से मिलेगी। बस का पूरे रूट पर सिर्फ लखनऊ स्टॉपेज होगा। नोएडा डिपो से करीब 12 घंटे में बस अयोध्या पहुंचेगी। वर्तमान में नोएडा डिपो से 180 बसों का संचालन हो रहा है।

Related Articles

Back to top button