उत्तर प्रदेशलखनऊ

Barabanki News: ध्वस्तीकरण के डर से तोड़ने लगे घर

Alisba

बाराबंकी। करीब 24 वर्ष पहले नगर पालिका, तहसील कर्मचारियों एवं कुछ सफेदपोश लोगों ने जमुरिया किनारे प्लॉटिंग शुरू कराई तो सस्ती जमीनों के लालच में सैकड़ों परिवारों ने बैनामा कराया। बैनामा के साथ नियमों को ताक पर रखकर दाखिल खारिज हुआ और निर्माण कर लोग रहने लगे। अब हाईकोर्ट के निर्देश पर ताबड़तोड़ नोटिसें जारी हुईं तो हड़कंप मचा हुआ है। कुछ लोगों ने अपने घरों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन की ओर जमुरिया किनारे हरित पट्टी में बसे लोगों को नोटिसें जारी कर घरों को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।

शहर के लखपेड़ाबाग मोहल्ले में महारानी लक्ष्मी बाई इंटर कॉलेज के आगे बसे मोहम्मद लतीफ व उनके दो भाईयों के घर बने हैं। सोमवार को ध्वस्तीकरण के डर से घर के अंदर लगे दरवाजे उखड़वाए। साथ ही सामान इकट्ठा कर रहे हैं। इन्होंने बताया कि प्रशासन के ध्वस्तीकरण से पहले स्वयं ही मकान खाली करने की तैयारी में हैं। उधर, कॉलेज के पीछे जमुरिया के निकट नीरज कुमार ने अपने प्लॉट की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त करा दिया है।

इनके घर बनाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन ध्वस्तीकरण की नोटिस मिलने के बाद नाले से सटी बाउंड्रीवाल तोड़ दी और हरित पट्टी को छोड़कर नए सिरे से निर्माण शुरू कराया है। इसी तरह कई और लोग भी अपने आशियानों को उजाड़ने की तैयारी में जुट गए हैं। एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी ने बताया कि हरित पट्टी का चिन्हांकन करने की तैयारी हो गई है, मौके पर नापजोख कर निशान लगाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button