उत्तर प्रदेशगाजीपुर

विवाहिता की सन्दिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर मिली लाश ।

पुलिस व मायके पक्ष के पहुंचने के पूर्व ही ससुरालियों ने शव को फंदे से उतार लिया।

गाजीपुर। सैदपुर। थानाक्षेत्र के होलीपुर में विवाहिता की सन्दिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लाश मिली। जिसके बाद हड़कम्प मच गया। पुलिस व मायके पक्ष के पहुंचने के पूर्व ही ससुरालियों ने शव को फंदे से उतार लिया। जिसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर मायके वाले और पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर मायके व ससुरालियों के बीच विवाद भी हुआ। जिसके बाद पुलिस की और फोर्स व महिला कांस्टेबल के साथ महिला एसआई भी पहुंच गईं। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया। देवकली के गरथौली निवासिनी 24 वर्षीय रिंकू देवी पुत्री प्रदीप राम की शादी मजदूरी करने वाले सैदपुर के होलीपुर निवासी उमेश कुमार पुत्र स्व रामजन्म से 22 मई 2022 को हुई थी। रिंकू काफी पढ़ी लिखी थी और वर्तमान में देवचन्दपुर के एक निजी महाविद्यालय से डीएलएड कर रही थी। उसके छोटे भाई ने बताया कि उसका पढ़ना लिखना ससुराल में किसी को पसंद नहीं था। इसी वजह से उसकी पढ़ाई पर रोक लगा दी गयी थी। मौके पर उसकी डीएलएड की किताब भी पड़ी मिली। बताया कि उस पर ससुराल से काफी ज्यादा व बेवजह दबाव था। रिंकू को ससुराल वाले किसी से बात नहीं करने देते थे। सिर्फ 10-15 दिन में एक बार बात करने देते थे। अन्य किसी से मोबाइल से बात करने की इजाजत नहीं थी। वो मोबाइल से मां, पिता या भाई-बहनों से बात करती थी तो भी उसे बातचीत अपने पति के सामने ही करनी पड़ती थी। जिससे वो अपनी समस्याएं भी नहीं बता पाती थी। ये भी बताया कि शादी के बाद शुरू में जो रस्म वाली विदाई हुई, उसके बाद करीब एक साल से रिंकू को उसके ससुरालियों ने ससुराल से मायके नहीं जाने दिया। उसके मायके जाने पर भी रोक थी। इसके अलावा वो दहेज की भी मांग करते थे और उसके लिए प्रताड़ित भी करते थे। बताया कि आज दोपहर में किसी और से सूचना मिली कि रिंकू ने फांसी लगा ली है। जिसके बाद पुलिस को सूचना देकर हम मौके पर पहुंचे तो ससुरालियों द्वारा वहां उसकी लाश पहले ही नीचे उतारी जा चुकी थी और ससुरालियों द्वारा कई तरह के अलग-अलग बयान दिए जा रहे थे। भाई पंकज ने कहा कि उसके गले पर कसने से बना काला निशान था और शरीर से दुर्गंध भी आ रही थी। जबकि अगर उसने दोपहर में आत्महत्या की होती तो शरीर से दुर्गंध क्यों आती। इसके अलावा मौके पर कूकर का ढक्कन दूसरी तरफ फेंका हुआ था और उसका रबड़ कहीं और फेंका हुआ था। जिससे बाद मायके वालों ने ससुरालियों पर मृतका से झगड़ा करके हत्या करने का आरोप लगाया तो इसी बात पर मायके पक्ष व ससुराल पक्ष के बीच जमकर विवाद हुआ। बाद में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्राधिकारी शेखर सेंगर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनके अलावा फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और कमरे के अंदर से तमाम सुराग जुटाए। मौके पर भारी भीड़ जुट गई थी। पुलिसकर्मियों को भी मौके पर थोड़ी मशक्कत हुई, लेकिन फिर वो शव को लेकर थाने आ गए। जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका दो भाई व दो बहन थी। ससुराल में उसके पति के साथ ही सास चम्पा देवी, जेठ रवि राम उर्फ गुड्डू व जेठानी ललिता देवी रहती है। मायके पक्ष ने पति समेत सास, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button