Gorakhpur News: हॉकी के लिए गोरखपुर शहर में खिलाड़ियों को मिलेगा एक और ग्राउंड, तैयार होंगे होनहार

Alisba
रेलवे स्टेडियम में हॉकी के लिए अलग ग्राउंड बनाने के साथ ही भविष्य में इसे एस्ट्रो टर्फ बनवाने की भी योजना है। नरसा महासचिव पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में अभी हॉकी के लिए अलग ग्राउंड नहीं था। स्टेडियम के सामने थोड़ी जमीन खाली पड़ी थी।
गोरखपुर से हॉकी में कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बुलंदियों को छुआ है। हॉकी के लिए गोरखपुर में कुछ चुनिंदा ग्राउंड ही हैं जहां खिलाड़ी प्रैक्टिस कर सकते हैं। पूर्वाेत्तर रेलवे इस समस्या को कुछ हद तक दूर करने जा रहा है। जल्द ही हॉकी खिलाड़ियों को शहर में एक और ग्राउंड मिल जाएगा।
अभी तक स्पोर्ट्स स्टेडियम, एमएसआई इंटर कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉलेज और सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में खिलाड़ी हॉकी की प्रैक्टिस करते हैं। इसमें रेलवे और रीजनल के ग्रांउड में अन्य खेल भी होते हैं जिसकी वजह से खिलाड़ियों को अभ्यास का पूरा मौका नहीं मिलता। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में खाली पड़ी जमीन को साफ करवाकर हॉकी के लिए तैयार किया जा रहा है। बहुत जल्द खिलाड़ी यहां हॉकी खेल सकेंगे।
एस्ट्रो टर्फ की भी तैयारी
रेलवे स्टेडियम में हॉकी के लिए अलग ग्राउंड बनाने के साथ ही भविष्य में इसे एस्ट्रो टर्फ बनवाने की भी योजना है। नरसा महासचिव पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में अभी हॉकी के लिए अलग ग्राउंड नहीं था। स्टेडियम के सामने थोड़ी जमीन खाली पड़ी थी। इसकी साफ-सफाई करवाकर इसे हॉकी के लिए तैयार किया जा रहा है। भविष्य में इसपर एस्ट्रो टर्फ लगवाने की भी योजना है।
ग्राउंड से खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
ओलंपियन, 1986 में अर्जुन अवार्डी और हॉकी कोच प्रेममाया ने बताया कि गोरखपुर में हॉकी के लिए ग्राउंड की बहुत जरूरत है। रेलवे स्टेडियम में ग्राउंड तैयार हो जाने से खिलाड़ियों को बहुत लाभ मिलेगा। भविष्य में अगर यह एस्ट्रो टर्फ हो जाता है तो इससे उनकी तैयारी और भी अच्छी होगी क्योंकि अब हॉकी के सभी मैच इसी टर्फ पर होती हैं।
बोले खिलाड़ी…
आकिब मुस्तफा ने कहा कि हॉकी के लिए गोरखपुर में ग्राउंड बहुत कम है। रीजनल और रेलवे स्टेडियम में सभी खेलों के लिए एक ही ग्राउंड है। एमएसआई में ज्यादा खिलाड़ी प्रैक्टिस करते हैं। रेलवे में हॉकी का अलग ग्राउंड तैयार हो जाएगा तो इससे हमें काफी मदद मिलेगी।
सोहेल ने कहा कि सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में हॉकी के लिए अलग ग्राउंड की बहुत जरूरत थी। यह ग्राउंड जब तैयार हो जाएगा तो हम अच्छे से अभ्यास कर पाएंगे। भविष्य में अगर ये एस्ट्रो टर्फ हो जाता है तो यह काफी लाभदायक होगा।