उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती आज, सीएम योगी ने अर्पित की पुष्पांजलि, जानें क्या कहा…

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे आजादी की लड़ाई के महान सेनानी थे और उन्होंने प्रदेश और देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया।

मुख्‍यमंत्री योगी ने शुक्रवार को यहां पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद अपने संक्षिप्‍त संबोधन में कहा ”उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर प्रदेशवासियों की ओर से मैं उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

योगी ने कहा कि बहुगुणा एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे तथा भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें ब्रिटिश सरकार की यातना भी सहनी पड़ी थी। दिवंगत बहुगुणा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा ”1952 में बहुगुणा पहली बार उप्र विधानसभा के सदस्य बने। प्रदेश सरकार में मंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने अनेक मंत्रालयों में नेतृत्‍व क्षमता का परिचय देकर प्रदेश और देश के विकास में अपना योगदान दिया।”

योगी ने कहा कि बहुगुणा स्कूली शिक्षा गांव में ही अर्जित करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए प्रयागराज आये और वहीं आजादी के आंदोलन से जुड़ गये। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के विकास के लिए उन्होंने जो अमूल्य योगदान दिया है, उनकी स्मृतियों को ये सरकारें आगे बढ़ा रही हैं।

इस अवसर पर उप्र के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉक्टर अम्मार रिजवी और पूर्व मंत्री रीता बहुगुणा जोशी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। हेमवती नंदन बहुगुणा का जन्म 25 अप्रैल 1919 को पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड) में हुआ था और 17 मार्च 1989 को उनकी अमेरिका के क्लीवलैंड, ओहियो में मृत्यु हो गयी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button