विदेशी दुल्हन की कहानी में सचिन सीमा के बाद अब सचिन ओलिविया की शादी बनी चर्चा का विषय

ब्यूरो चीफ हमीरपुर
हरीश राज चक्रवर्ती
हमीरपुर। पाकिस्तानी सीमा व हिन्दुस्तानी सचिन की चर्चा के बाद हमीरपुर जिले में हुई एक कपल की शादी अब
सुर्खियां बन गयी है। क्योंकि दुल्हन अमेरिका की है और दूल्हा हमीरपुर के भिलावां का है। बीते दिवस दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से मुख्यालय के एक गेस्ट हाउस में सात फेरे लिए। उन्होंने साथ जीने-मरने की कसमें खाई। इस अनोखी शादी को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सोशल मीडिया पर इस शादी समारोह की फोटोज वायरल हो रही हैं।
हमीरपुर जिले के भिलावां के नरायन नगर निवासी सचिन शर्मा की अमेरिका में जॉब करते समय ओलिविया वेन से दोस्ती हुई थी। बाद में उनकी दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई। उन्होंने अपने-अपने परिवार वालों से शादी की बात की और 23 नवंबर को हमीरपुर में सचिन और ओलिविया हमेशा के लिए एक दूजे के हो गए।
ओलिविया और सचिन की हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई है।
सचिन के पिता महेश शर्मा रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी हैं। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा सचिन शर्मा बीटेक करने के बाद एमबीए की पढ़ाई के लिए अमेरिका गया था। वहीं उसकी जॉब लग गई। जॉब के दौरान सचिन की ओलिविया वेन से दोस्ती हुई और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। सचिन ने अपने रीति-रिवाज से शादी के लिए ओलिविया को तैयार कर लिया।
महेश शर्मा ने बताया कि ओलिविया दो दिन पूर्व अपनी मां के साथ हमीरपुर आई थी। ओलिविया मूलरूप से अमेरिका के अरवाइन शहर की रहने वाली है। उसके पिता डन-वेन की वर्ष 2021 में कोरोना की चपेट में आकर मृत्यु हो चुकी है। ओलिविया सचिन से शादी करने को अपनी मां नैन-डो के साथ भारत आई है। ओलिविया को भी भारतीय रीति-रिवाज पसंद हैं।
उन्होंने आगे बताया कि सचिन काफी समय से अमेरिका में ही रहकर जॉब कर रहा था। उसे अमेरिका का ग्रीन कार्ड मिला हुआ है। अब ओलिविया वेन से शादी होने के बाद सचिन को वहां की नागरिकता भी मिल जाएगी, जिसके बाद वह एनआरआई हो जाएगा। कल रात हुई इस अनोखी शादी की हमीरपुर के अलावा आसपास के जिलों में खूब चर्चा हो रही है।