BJP Candidate List 2024: किसी ने लिया संन्यास तो किसी ने उम्मीदवारी ली वापस, भाजपा के वो 6 नेता जिन्होंने सभी को चौंकाया

BJP Candidate List 2024 भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस बीच भाजपा के उम्मीदवारों की सूची जारी होने से पहले ही कई नेताओं ने संन्यास की घोषणा कर दी तो किसी ने सूची में नाम आने के बावजूद दावेदारी वापस ले ली। आइए जानें कौन हैं वो 6 नेता जिन्होंने अपनी घोषणा से सभी को चौंका दिया…
नई दिल्ली। BJP Candidate List 2024 लोकसभा चुनाव से पहले ही सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा ने तो अपने उम्मीदवारों की पहली सूची तक जारी कर दी। भाजपा की पहली सूची में पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों के नाम शामिल हैं। इस बीच सूची जारी होने से पहले और बाद में कई सियासी घटनाक्रम सामने आए हैं।
दरअसल, भाजपा के उम्मीदवारों की सूची जारी होने से पहले कई नेताओं ने संन्यास की घोषणा कर दी तो कई ने सूची में नाम आने के बावजूद दावेदारी वापस ले ली। आइए, जानें कौन हैं वो 6 नेता जिन्होंने अपनी घोषणा से सभी को चौंका दिया…
भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने वापस ली दावेदारी
भोजपुरी स्टार पवन सिंह को पार्टी ने पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टीएमसी नेता शत्रुघन सिन्हा के खिलाफ दावेदार बनाया था। पहली सूची में नाम आने के बाद पवन सिंह काफी खुश भी दिखे थे, लेकिन उनके एक गाने को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने अपनी दावेदारी ही वापस ले ली। इसके बाद पार्टी में हलचल मच गई और उन्हें दिल्ली भी बुलाया गया है।
उपेंद्र सिंह रावत ने भी पार्टी को चौंकाया
यूपी के बाराबंकी से सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने भी अपनी दावेदारी वापस ले ली है। भाजपा ने अपनी पहली सूची में उन्हें उम्मीदवार बनाया था। दरअसल, उपेंद्र सिंह का एक अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने ये घोषणा की और कहा कि जब तक वो निर्दोष नहीं साबित होते वो चुनाव नहीं लड़ेंगे।
गौतम गंभीर, हर्षवर्धन और जयंत सिन्हा ने लिया संन्यास
दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर और झारखंड से जयंत सिन्हा ने भाजपा की पहली सूची जारी होने से पहले ही राजनीति से संन्यास की घोषणा कर दी। गंभीर ने जहा क्रिकेट पर ध्यान देने की बात कही तो वहीं जयंत सिन्हा ने वैश्विक जलवायु परिवर्तन से निपटने पर अपने प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही। हालांकि, पार्टी द्वारा दोनों की टिकट काटे जाने की चर्चाएं थी।
वहीं, दिल्ली की चांदनी चौक सीट से सांसद डा. हर्षवर्धन ने टिकट कटने के बाद राजनीति से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वो अब अपने क्लीनिक पर ही ध्यान देंगे।