Lakhimpur Kheri News: पुलिस कर्मियों के लिए भवन तैयार होने में लगेगा छह महीने का समय

लखीमपुर खीरी। आवास की दिक्कतें दूर करने के लिए पुलिस लाइन में 12 मंजिला भवन बनाया जा रहा है। भवन में करीब 96 पुलिस कर्मियों के लिए आवास बन रहे हैं। यह पहली बार हो रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को एक साथ फ्लैट मिलेंगे। भवन 19.5 करोड़ की लागत से बन रहा है। लोक निर्माण विभाग इसका निर्माण करा रहा है। अभी आवासों का कार्य पूरा होने में करीब छह महीने का समय और लग सकता है।
शहर में तैनाती होने के बाद आज भी कई पुलिस कर्मी किराए का आवास लेकर रह रहे हैं। दिक्कतों को देखते हुए पुलिस लाइन में लोक निर्माण विभाग लखनऊ के निर्माण खंड एक इस बहुमंजिला बिल्डिंग का निर्माण कार्य करा रहा है। करीब डेढ़ साल से अधिक का समय बीत गया। अभी महज 60 प्रतिशत कार्य हो पाया है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अभी तक करीब छह महीनों का समय लग सकता है। 12 मंजिला इमारत में एक फ्लोर पर चार क्वार्टर बनाए जा रहे हैं। यानी एक बिल्डिंग में 48 आवास होंगे। यहां पर दो बिल्डिंगों को मिलाकर कुल 96 क्वार्टर बनाए जा रहे हैं।
जून 2024 तक पूरा होना है निर्माण कार्य
पुलिस लाइन में बनाए जा रहे 96 क्वार्टर वाली बिल्डिंग जून 2024 में पूरी होनी है। कार्य करीब डेढ़ साल से ज्यादा का समय से कराया जा रहा है। पहले यह कार्य फरवरी 2023 में पूरा होना था लेकिन ज्यादा काम होने के चलते लोक निर्माण विभाग ने शेड्यूल रिवाइज किया था। इसके बाद कार्य समाप्ति की अंतिम तिथि जून 2024 तय की गई।
चर्चा में रह चुकी है बिल्डिंग
करीब एक महीने पहले यह बिल्डिंग चर्चा में रही। निर्माण में मानकों की अनदेखी के चलते बिल्डिंग की इमारत का पिलर टेढ़ा हो गया था। इसके बाद पुलिस लाइन से लेकर लोक निर्माण के अधिकारी सकते में आ गए थे। कई बार अधिकारियों ने पत्राचार किया। हालांकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना था कि स्ट्रक्चर बनाते समय जो शटरिंग लगाई गई थी, उसमें से कुछ शटरिंग ढीली होने के कारण स्ट्रक्चर टेढ़ा दिखाई दे रहा है। अधिकारियों का दावा है कि प्लास्टर के दौरान कमियां सही हो जाएंगी