उत्तर प्रदेशलखनऊ

Gorakhpur News: नगर निगम टीम ने घंटाघर में दुकानों को तोड़ना शुरू किया, व्यापारी कर सकते हैं सीएम से शिकायत

गोरखपुर के हिंदी बाजार में मल्टीलेवल पार्किंग और शॉपिंग कॉंप्लेक्स बनना है। व्यापारियों संग नगर निगम और सीएंडडीएस टीम के सहमति वार्ता के बाद शनिवार को दुकानें तोड़ी जानी शुरू की गई। हालांकि, कुछ व्यापारियों ने इसे गलत बताते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही।

शहीद बंधु सिंह पार्क में बनने वाली मल्टीलेवल पार्किंग और शॉपिंग कांप्लेक्स के लिए शनिवार रात से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई। नगर निगम का दावा है कि ये कार्रवाई केवल उन दुकानों पर हुई, जो खाली हो चुकी थीं। बचे हुए दुकानदारों के पास पांच फरवरी तक का समय है। छह फरवरी से सभी दुकानों को तोड़कर जगह खाली कराई जाएगी। देर शाम के बाद से रात तक दुकानों के सामने व्यापारी अपनी वर्षों पुरानी दुकानों को टूटते देखते रहे। हालांकि, उन्हें भी पता था कि ये दुकानें सरकारी हैं और एक न एक दिन खाली करनी पड़ सकती हैं।

लेकिन, इन दुकानों से व्यापारियों का वर्षों से जुड़ाव होने की वजह से ये बेबस नजरों से अपनी दुकान का टूटने का इंतजार करते रह गए। नगर निगम की टीम ने शनिवार की देर रात कार्रवाई शुरू की। पहले से खाली हो चुकी दुकानों पर व्यापारियों की सहमति के साथ नगर निगम की प्रवर्तन दल की टीम ने दुकानों को तोड़ने का काम शुरू किया।

हालांकि, इसी बीच नगर निगम की इस कार्रवाई का कई दुकानदारों ने विरोध करते हुए नगर निगम प्रशासन पर आरोप लगाया कि तोड़ी गई दुकानों से अभी वह पूरा सामान नहीं निकाल सके थे। उनका कहना है कि रविवार की सुबह मुख्यमंत्री से मिलकर वह मामले की शिकायत करेंगे। उधर, अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है। जिनकी दुकानें खाली हो चुकी थीं, सिर्फ उन्हें ही तोड़ा गया है।

इसे लेकर टीम की तरफ से बाजार में पिछले एक सप्ताह ने चिन्हांकन, सूचना और नोटिस चस्पा की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई थी।बताया कि छह फरवरी से मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण के लिए बाकी बची सभी दुकानों को तोड़ने का काम शुरू हो जाएगा।

रात में पहुंची टीम

बंधु सिंह पार्क में निर्माण की जद में 40 दुकानें आ रही हैं, जो दो हिस्सों में हैं। नगर निगम के मुताबिक, एक हिस्से में करीब 20 दुकानें खाली हो चुकी थीं। उन्हीं को तोड़ने का काम शुरू हुआ है। भीड़-भाड़ वाला बाजार होने की वजह से अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह के नेतृत्व में शनिवार की रात नौ बजे प्रवर्तन दल और बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ दुकानदारों ने विरोध की कोशिश की, लेकिन सख्ती देख पीछे हट गए।

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि ध्वस्तीकरण का अभियान रात में ही चलेगा, ताकि यातायात न प्रभावित हो और मलबा आसानी से हटाया जा सके। उन्होंने बताया कि दूसरे पार्क के दुकानदारों को भी पांच फरवरी तक की मोहलत दी गई है।

Related Articles

Back to top button