उत्तर प्रदेशलखनऊ

UP Board Exam 2024: यूपी बोर्ड जीव विज्ञान एवं गणित विषय का पेपर व्हाट्सएप पर हुआ लीक, कालेज संचालक गिरफ्तार

सार

UP Board Biology Paper Leak News: यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट गणित और जीव विज्ञान का पेपर लीक हो गया। दोनों पेपर व्हाट्स एप ग्रुप पर परीक्षा के दौरान ही वायरल हुए। इस मामले में थाना फतेहपुर सीकरी में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसके बाद पुलिस ने कालेज संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

विस्तार

UP Board Paper Leak: यूपी बोर्ड की परीक्षा में बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट गणित और जीव विज्ञान के प्रश्न पत्र परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। मामले में डीआईओएस आगरा ने थाना फतेहपुर सीकरी में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने गांव रोझौली स्थित श्री अतर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक व प्रिंसिपल राजेेंद्र सिंह उर्फ हुड्डा, उसके बेटे कंप्यूटर ऑपरेटर विनय चौहान, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक गंभीर सिंह और स्टेटिक मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी कालेज प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बेटे की तलाश में देर रात पुलिस दबिश दे रही थी

बृहस्पतिवार को दोपहर 2 से शाम 5ः15 बजे तक की पाली में गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा थी। हाईस्कूल का कृषि का प्रश्नपत्र भी चल रहा था। अपराह्न करीबन 3 बजे व्हाट्स एप ग्रुप पर जीव विज्ञान और गणित के प्रश्नपत्रों की फोटो की कॉपी भेजी गई थी। इस ग्रुप में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य और शिक्षक जुड़े हुए थे। मगर, कुछ देर बाद प्रश्नपत्र को डिलीट कर दिया गया। तब तक बड़ी संख्या में लोग प्रश्नपत्र को देख चुके थे। यह वायरल भी हो गए।

एक घंटे से अधिक की परीक्षा हो चुकी थी

माध्यमिक शिक्षा परिषद-प्रयागराज के सचिव दिब्यकांत शुक्ल के अनुसार, आगरा के राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक और संयुक्त शिक्षा निदेशक मुकेश अग्रवाल ने आगरा के प्रिंसिपल ग्रुप के व्हाट्स एप पर इंटरमीडिएट के दो विषयों के प्रश्नपत्र डाले जाने की जानकारी दी। द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान ऑल प्रिंसिपल्स आगरा नामक व्हाट्स एप ग्रुप में दोपहर बाद 3:10 बजे इंटरमीडिएट जीव विज्ञान और गणित का पेपर वायरल किया गया। दोनों प्रश्नपत्र तब वायरल हुए जब परीक्षा 1:10 घंटे तक संपादित हो चुकी थी। मामले में जिला परीक्षा पर्यवेक्षक डा. मुकेश अग्रवाल ने जांच के निर्देश दिए। डीआईओएस आगरा की ओर से फतेहपुर सीकरी के अतर सिंह इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य के विरुद्ध दी गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

चार के खिलाफ मुकदमा हुआ दर्ज

डीसीपी पश्चिमी जोन सोनम कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान पेपर वायरल करने के मामले में 4 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। श्री अतर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक व प्रिंसिपल राजेेंद्र सिंह उर्फ हुड्डा को गिरफ्तार किया गया है। उनके बेटे विनय चौधरी ने पेपर वायरल किया था। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button