उत्तर प्रदेशलखनऊ

Pakistan-Iran: कभी पाकिस्तान का मददगार रहा ईरान कैसे बना उसका दुश्मन, ताजा टकराव के पीछे की क्या है कहानी?

Alisba

Pakistan Iran Conflict: ईरान और पाकिस्तान में तनाव बढ़ता ही जा रहा है। दोनों देशों ने एक दूसरे के यहां सैन्य कार्रवाई करने के दावे किए हैं। हालांकि, दोनों देश कभी एक दूसरे के साथी हुआ करते थे। 14 अगस्त 1947 को पाकिस्तान बनने के बाद इसे मान्यता देने वाला पहला देश ईरान ही था।

एशिया में दो और देशों के बीच कूटनीतिक तनाव उत्पन्न हो गया है। मंगलवार को ईरान की सेना ने पाकिस्तान के ब्लूचिस्तान में एयर स्ट्राइक कर दी। जवाब में गुरुवार को पाकिस्तान ने दावा किया कि उसकी सेना ने ईरान की सीमा में घुसकर कथित आतंकी ठिकानों पर हमला किया है।

इससे पहले ईरान की एयरस्ट्राइक के बाद बुधवार को पाकिस्तान ने ईरानी राजदूत को तलब किया था। वहीं, हमले को लेकर ईरान ने भी स्पष्ट किया कि उसके नागरिकों के खिलाफ आतंकी कार्रवाई पर देश की प्रतिक्रिया निर्णायक और सख्त होगी। इन कार्रवाइयों के चलते दोनों देशों में तनाव काफी बढ़ चुका है। ईरान और पाकिस्तान कभी एक दूसरे के घनिष्ठ दोस्त हुआ करते थे लेकिन अब दोनों एक दूसरे के यहां हमले कर रहे हैं। आइये जानते हैं विवाद की शुरुआत कैसे हुई? पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई को लेकर क्या दावा किया है? दोनों देशों के रिश्ते कैसे बिगड़े हैं?

दोनों देशों के बीच हालिया तनाव तब उत्पन्न हुआ जब ईरान ने मंगलवार शाम (16 जनवरी) को पाकिस्तान में आतंकी संगठन जैश अल-अदल के ठिकानों पर बमबारी की। ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने ब्लूचिस्तान प्रांत के एक गांव पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिसमें जैश अल-अदल के दो प्रमुख मुख्यालय तबाह हो गए। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हमले में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई और तीन लड़कियां घायल हो गईं।

ईरान की यह कार्रवाई उसके द्वारा हाल ही में किए गए हमलों की शृंखला का ही हिस्सा थी। पाकिस्तान में हमले से महज कुछ ही घंटे पहले ईरान ने सीरिया और इराक में भी मिसाइल हमले किए थे। दरअसल, ईरान के करमन शहर में दोहरे आत्मघाती बम विस्फोट में 80 से अधिक ईरानी नागरिकों की मौत हो गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली थी। ईरान को शक था कि हमले में जैश अल-अदल का भी हाथ हो सकता है।

पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई को लेकर क्या दावा किया है?

अब पाकिस्तान ने भी आतंकियों के ठिकानों पर मिलिट्री स्ट्राइक करना का दावा किया है। इसके विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि गुरुवार सुबह 4:50 बजे पाकिस्तानी वायुसेना ने ईरान के सिस्तान-ब्लूचिस्तान प्रांत में सरावन शहर में आतंकियों के ठिकानों पर स्ट्राइक की। इस कार्रवाई में सात विदेशी मारे गए हैं जिसमें चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।

मंत्रालय ने कहा, ‘खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। इस ऑपरेशन को मार्ग बार सरमाचार नाम दिया गया। बीते कई सालों से हम इसे लेकर ईरान से बात कर रहे थे। लगातार ईरान के सामने अपनी चिंताएं जाहिर की कि कैसे ईरान का गैर प्रशासित इलाका आतंकियों की पनाहगाह बन गया था। पाकिस्तान ने इसे लेकर ईरान को कई बार डॉजियर भी सौंपा था। साथ ही आतंकी गतिविधियों के कई सबूत भी दिए गए थे।’

 

 

Related Articles

Back to top button