कानपुर में एक महीने चलेगा सेवा संकल्प अभियान, स्वास्थ्य शिविर से लेकर वृक्षारोपण तक होंगे कार्यक्रम

कानपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत कानपुर में एक महीने तक विभिन्न जनसेवा और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बुधवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अजय कपूर ने पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से जरूरतमंद, वंचित और कमजोर वर्गों तक विभिन्न सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अजय कपूर के अनुसार अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से जुड़े सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रमों के रूप में आयोजित किया जा रहा है। अभियान उनके नेतृत्व में संचालित होगा।
अभियान के दौरान नेत्र परीक्षण शिविर, स्वास्थ्य शिविर, मोतियाबिंद के ऑपरेशन और चश्मा वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही गंगा आरती, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी होंगे। गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन वितरण, वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा तथा अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण की योजना भी है।
महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रमों के साथ जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने, दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपयोगी सामान देने और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। इसके अलावा गोसेवा समेत अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा रहेंगी।
अजय कपूर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को व्यापक स्तर पर आयोजित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों से अभियान में सहभागिता की अपील की।
Poonam Report



