सुन लो बिहार के गुरुओं की, यह मौन और संवेदन है

डॉ राकेश कुमार प्रजापति
विश्वामित्र की तपोभूमि, बक्सर के पावन तट से,
आवाज़ उठ रही आज एक, गंगा की निर्मल लट से।
सुन लो बिहार के गुरुओं की, यह मौन और संवेदन है,
कलम की गरिमा बनी रहे, करबद्ध यही निवेदन है।
यह व्यथा नहीं है केवल एक, जिले या किसी गाँव की,
यह पीड़ा है पूरे बिहार के, हर शिक्षक के पाँव की।
घर-आँगन से दूर खड़े, आँखों में नमी छुपाते हैं,
नियमों की इस जंजीर में, हर दर्द अकेले सह जाते हैं।
…कलम की गरिमा बनी रहे, करबद्ध यही निवेदन है।
न कोई संघ बना सकते, न सड़कों पर आ सकते हैं,
होंठों पर है सख्त पहरा, न हाल अपना सुना सकते हैं।
मर्यादा के इस बंधन में, हम विद्रोह नहीं कर सकते हैं,
बस अपनी इस खामोशी में, पीड़ा के घूँट ही भरते हैं।
…सुन लो बिहार के गुरुओं की, यह मौन और संवेदन है,
कलम की गरिमा बनी रहे, करबद्ध यही निवेदन है।
फिर भी नन्हे बच्चों की खातिर, हर पल दीप जलाते हैं,
अपनी हर उलझन को भुलाकर, कक्षा में मुस्कुराते हैं।
आज़ाद करो इस कलम को, भय और दबाव के साये से,
संवाद और सम्मान मिले, हम जुड़ें नए सरमाये से।
…कलम की गरिमा बनी रहे, करबद्ध यही निवेदन है।
जब संतुष्ट और सुरक्षित होगा, हर शिक्षक इस बिहार का,
तभी खिलेगा असली सूरज, शिक्षा के संसार का।
बक्सर की इस धरती से, बस इतनी सी ही आस है,
गुरु के सम्मान से ही रौशन, बिहार का इतिहास है।
…सुन लो बिहार के गुरुओं की, यह मौन और संवेदन है,
कलम की गरिमा बनी रहे, करबद्ध यही निवेदन है।



