हमीरपुर

लोकेशन देकर अवैध खनन को लाभ पंहुचाने में कलेक्ट्रेट कर्मी सहित प्रधान प्रतिनिधि गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ हमीरपुर

हरीशराज चक्रवर्ती

हमीरपुर। लोकेशन देने एवं अवैध खनन व परिवहन करने वाले वाहनों को अनुचित लाभ पहुचाये जाने के आरोप में खान अधिकारी की शिकायत पर ललपुरा पुलिस ने एक कलेक्ट्रेट कर्मचारी व प्रधान प्रतिनिधि को वाहन सहित मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये कलेक्ट्रेट कर्मचारी को जिलाधिकारी के आदेश पर तत्काल निलम्बित करते हुये विभागीय कार्यवाही शुरु कर दी गयी है।

मामले की जानकारी देते हुये अपर जिलाधिकारी वित्त एव़ं राजस्व ने बताया कि बीती रात करीब 10.30 बजे अवैध खनन व परिवहन की जांच के लिये मुख्यालय से राठ जाते समय ललपुरा थाने से 8 किमी पहले खान अधिकारी के वाहन के पीछे एक स्कार्पियों वाहन के पीछा करने की सूचना पर ललपुरा पुलिस ने खान अधिकारी का पीछा कर रहे वाहन यूपी 78 जीजेड 1759 को रुकवाकर सरनाम सिंह पुत्र रामभजन सिंह निवासी ग्राम खाईपुर थाना सजेती जिला कानपुर नगर व अक्षय उर्फ बवाली पुत्र हीरालाल पाल निवासी टिकरौली सदर कोतवाली हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद दोनो लोगो के विरुद्ध लोकेशन देने एवं अवैध खनन व परिवहन करने वाले वाहनों को अनुचित लाभ पहुचाये जाने का मुकदमा थाना ललपुरा में पंजीकृत कर कार्यवाही की गई है। सरनाम सिंह के कलेक्ट्रेट कर्मचारी होने पर जिलाधिकारी के आदेश पर तत्काल निलम्बन करते हुये विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित कर दी गयी है। वहीं अक्षय उर्फ बवाली पाल सुमेरपुर विकासखंड की टिकरौली ग्राम पंचायत का प्रधान प्रतिनिधि बताया गया है। प्रशासन की इस कार्यवाही के बाद खनन क्षेत्र में जुड़े लोकेटरों में हडकंप मच गया है।

Related Articles

Back to top button