वाराणसी में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविर का आयोजन, 14 पेंशनरों ने लिया प्रशिक्षण, तीन के प्रमाण-पत्र जारी

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में पेंशनरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान-5 के अंतर्गत प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मंडल कार्यालय स्थित पेंशनर्स एसोसिएशन विभाग में आयोजित इस शिविर में कुल 14 पेंशनरों ने भाग लिया, जिनमें से तीन पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र मौके पर ही जारी किया गया।
यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में मंडल के लेखा विभाग की ओर से आयोजित किया गया। शिविर में उपस्थित पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने और जमा करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि भविष्य में वे इस सुविधा का आसानी से लाभ उठा सकें।
वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के निर्देश पर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र से संबंधित जानकारीपूर्ण पम्पलेट भी व्हाट्सऐप के माध्यम से सभी पेंशनरों को उपलब्ध कराए गए। शिविर के दौरान पेंशनरों ने अपनी पेंशन से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। संबंधित अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को सुनते हुए समाधान के लिए आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन दिया।
पेंशनरों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल सुविधाओं की जानकारी मिलती है और जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनती है।
इस अभियान का उद्देश्य रेलवे के पेंशनरों को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें घर बैठे अथवा शिविरों के माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा के बारे में जानकारी देना है।
Poonam Report.



