हमीरपुर

अदालत के आदेश पर फरार आरोपी की करोड़ों की संपत्ति हुई कुर्क

पिछले 22 वर्षों से फरार है आरोपी

ब्यूरो चीफ हमीरपुर

हरीश राज चक्रवर्ती

हमीरपुर। हत्या बलवा जैसे संगीन मुकदमें में फरार चल रहे आरोपी की पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद संपत्ति कुर्क की कार्यवाही एसडीएम सदर की मौजूदगी में की है। इस दौरान भारी पुलिसबल मौजूद रहा।
बताते चलें कि वर्ष 2001 में राजकीय महाविद्यालय कुछेछा का छात्र शिवपूजन सुमेरपुर बस स्टैंड में खड़े होकर साधन का इंतजार कर रहा था। तभी इसको ट्रक ने कुचल दिया था। इस घटना से नाराज छात्रों ने बस स्टैंड में जाम लगा दिया था। जाम में छात्र नेता राजेंद्र धमाका के शामिल होने पर छात्रों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और आगजनी शुरू कर दी थी।

तब पुलिस को गोली चलानी पड़ी थी। इस घटना में सुमेरपुर निवासी एक युवक दिनेश सोनकर की मौत भी हो गई थी। पुलिस ने इस मौत का जिम्मेदार राजेंद्र धमाका सहित 27 लोगों को ठहराकर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इस मुकदमे में अन्य आरोपियों के साथ कस्बा निवासी गुड्डू सिंह उर्फ अनुज सिंह पुत्र भगवान सिंह उर्फ मलखान सिंह उर्फ मडवान सिंह उर्फ बृजभान सिंह भी नामजद था। मुकदमें में नामजद होते ही यह फरार हो गया था। तब से अब तक वापस नहीं आया है।

अदालत में हाजिर न होने पर अदालत के आदेश पर शनिवार को देर शाम गुड्डू सिंह की अचल संपत्ति मकान संख्या 895 / 4 तथा पशु बाजार के समीप खाली पड़े प्लाट को सीज किया है। इस कार्यवाही के दौरान एसडीएम सदर पवन प्रकाश पाठक, सीओ सदर राजेश कमल, नायब तहसीलदार सुभाष वर्मा, थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज, क्राइम इंस्पेक्टर रामकुमार यादव, एसएसआई राकेश द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है।

Related Articles

Back to top button