उत्तर प्रदेशलखनऊ

Kanpur: झकरकटी बस अड्डा शहर से बाहर शिफ्ट करने की तैयारी, स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में हुआ मंथन, पढ़ें अपडेट

Alisba

Kanpur News: मंडलायुक्त व सीपी की अध्यक्षता में स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए मंथन हुआ है। इसके तहत झकरकटी बस अड्डा शहर से बाहर शिफ्ट करने की तैयारी की गई है। साथ ही, रेलवे माल गोदाम में हर रोज दिन में आने वाले करीब 300 ट्रकों को नो एंट्री परमिट जारी नहीं किए जाएंगे।

कानपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के लिए नासूर बन चुके झकरकटी बस अड्डे को आउटर में शिफ्ट किया जाएगा। शुक्रवार को मंडलायुक्त व पुलिस कमिश्नर की संयुक्त अध्यक्षता में हुई स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में ट्रैफिक पुलिस की ओर से इसका प्रस्ताव पेश किया गया। मंडलायुक्त ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में फैसला लिया गया कि रेलवे माल गोदाम में हर रोज दिन में आने वाले करीब तीन सौ ट्रकों को नो एंट्री परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। इसके लिए सभी पक्षों के साथ बैठक कर उन्हें बताया जाएगा कि वह रात में ही ट्रक ला व ले जा सकेंगे। लोडिंग या अनलोडिंग दिन में भी की जा सकेगी। वहीं सभी प्रमुख 18 चौराहों में जाम के सभी कारणों को दूर करने के लिए ट्रैफिक, पुलिस, प्रशासन, नगर निगम व अन्य संबंधित विभागों की लोकल कमेटी बनाई जाएगी।

कमेटी अगली बैठक में देगी रिपोर्ट
यह कमेटी अगली बैठक से पहले किए गए कार्य और उन कार्यों से संबंधित विषयों की रिपोर्ट देगी, जिन्हें जिला या शासन अथवा अंतर विभागीय स्तर पर उठाया जाना है। बैठक में जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी, डीएम विशाख जी, एमडी केस्को सैमुअल पॉल, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, चारों जोन के डीसीपी, डीसीपी ट्रैफिक आरती सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button