होटल में डिनर के बाद महिला अधिवक्ता ने ली कार की चाबी, एक्सीलेटर दबाते ही बेकाबू होकर कार घुसी होटल के अंदर – CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा

शहर के मशहूर रमाडा होटल में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब एक कार अनियंत्रित होकर होटल के मेन गेट को तोड़ती हुई सीधे रिसेप्शन एरिया तक जा घुसी। पूरी घटना होटल के CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त होटल के बाहर और अंदर कुल चार लोग मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह दौड़कर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
डिनर के बाद ली कार की चाबी, गलती से दबा एक्सीलेटर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार एक महिला अधिवक्ता चला रही थीं, जो अपने डॉक्टर पति के साथ होटल में डिनर के लिए आई थीं। खाना खत्म होने के बाद होटल से निकलते समय महिला ने पति से कार की चाबी ली और कार स्टार्ट की।कार उस समय बैक गियर में थी और महिला को इसका अंदाजा नहीं था। जैसे ही उन्होंने एक्सीलेटर दबाया, कार तेज रफ्तार में पीछे की ओर दौड़ती हुई मेन गेट के कांच को तोड़कर सीधी रिसेप्शन में जा घुसी।
पुलिस ने बताया: आपसी सहमति से मामला निपटा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बाद में बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया है। इसलिए कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। होटल प्रबंधन की ओर से भी फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई।
वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़
इस सीसीटीवी वीडियो के वायरल होते ही शहर भर में यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया यूज़र्स ने महिला अधिवक्ता की लापरवाही को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं, वहीं कुछ लोगों ने इसे सिर्फ एक “मानवीय भूल” करार दिया है।



