जौनपुर में भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन, सांसद बिमोल अकोइजम को हटाने की मांग

जौनपुर, 12 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने सोमवार को सिहीपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। महिला मोर्चा ने छात्राओं की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का हवाला देते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सांसद को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रागिनी सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने बैनर और तख्तियां लेकर कांग्रेस पार्टी तथा सांसद के खिलाफ नारेबाजी की। रागिनी सिंह ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी महिलाओं के सम्मान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े करती है।
महिला मोर्चा की जिला महामंत्री अनुपमा राय ने कांग्रेस नेतृत्व से सांसद को पार्टी से निष्कासित करने और उनकी संसद सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश करने की मांग की। वहीं, किरण मिश्र ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान अंजना सिंह ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह आरोप लगाने वाली छात्राओं के साथ खड़ी है या अपने सांसद का बचाव कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस धरना-प्रदर्शन में भाजपा के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, महिला मोर्चा की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के माध्यम से महिला मोर्चा ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई।
Poonam Report.



