संविधान दिवस: छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से 4.85 करोड़ विद्यार्थियों को मिला लाभ, शिक्षा के रास्ते आसान बनाने पर जोर

लखनऊ। भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और अवसर की समानता का अधिकार प्रदान करता है। संविधान की इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं का संचालन कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अब तक 4.85 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया गया है।
प्रदेश सरकार की ओर से अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को पूर्वदशम् एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो और सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से ज्यादा की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि अंतरित की थी। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,23,615 विद्यार्थियों को 60.01 करोड़ रुपये, अनुसूचित जाति के 1,59,959 विद्यार्थियों को 64.54 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 38,084 विद्यार्थियों को 11.43 करोड़ रुपये तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 विद्यार्थियों को 12.06 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
इससे पहले 25 जनवरी 2026 को भी 18,78,726 छात्र-छात्राओं के खातों में 944.55 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई थी। सरकार ने शैक्षणिक सत्र के दौरान विद्यार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए वर्ष में दो बार छात्रवृत्ति वितरण की व्यवस्था लागू की है।
छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आवेदन, सत्यापन और भुगतान की व्यवस्था ऑनलाइन की गई है। आधार से जुड़े बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि भेजी जा रही है। इससे पात्र विद्यार्थियों को सीधे सरकारी सहायता मिल रही है और बिचौलियों की भूमिका सीमित करने में मदद मिली है।
इन योजनाओं का विशेष लाभ ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के उन विद्यार्थियों को मिल रहा है, जिनके परिवार में पहली बार कोई छात्र उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज या विश्वविद्यालय तक पहुंच रहा है। छात्रवृत्ति से फीस, किताबों और अन्य शैक्षणिक खर्चों का बोझ कम करने में मदद मिल रही है।
संविधान दिवस के अवसर पर शिक्षा के माध्यम से समान अवसर उपलब्ध कराने की यह पहल सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Poonam Report.



