गोंडा: प्रेमी संग भागने के लिए पत्नी ने रची अपने ही घर में चोरी की साजिश
पुलिस ने घंटों में किया खुलासा

ओमकार पांडेय
ब्यूरो चीफ
गोंडा के खरगूपुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, ₹50,000 नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, विशुनापुर बाजार निवासी लवकेश ने 19 जुलाई की रात घर में चोरी होने की सूचना दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को उसकी पत्नी पूनम कश्यप की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। महिला पुलिसकर्मी द्वारा गहन पूछताछ में पूनम ने स्वीकार किया कि उसने अपने रिश्तेदार और प्रेमी विकास कश्यप के साथ मिलकर पूर्व नियोजित तरीके से चोरी की साजिश रची थी।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों साथ भागना चाहते थे और इसके लिए पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल चोरी करने की योजना बनाई। 19/20 जुलाई की रात पूनम ने मोबाइल फोन से विकास को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर बक्सों के ताले खोलकर जेवर, नकदी और मोबाइल निकाल लिए।
घटना को वास्तविक चोरी का रूप देने के लिए कमरे का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया और पूनम ने बेहोश होने का नाटक किया। अगली सुबह उसने परिजनों को बताया कि रात में अज्ञात चोर घर में घुस आए, चोरी की और उसके साथ मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया।



