आरटीओ कार्यालय पर ऑटो-लोडर चालकों का प्रदर्शन,
आठ सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

गोण्डा। उत्तर प्रदेश ऑटो-लोडर संयुक्त कल्याण समिति के बैनर तले बुधवार को ऑटो-लोडर, पिकअप और डाला वाहन चालकों एवं मालिकों ने संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अनुज यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन आरटीओ को सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि देवीपाटन मंडल में एंट्री सिस्टम के नाम पर वाहन चालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑटो-लोडर, पिकअप और डाला वाहनों पर ₹35 हजार से ₹40 हजार तक के भारी-भरकम चालान किए जा रहे हैं, जिससे छोटे वाहन संचालकों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
समिति ने मांग की कि कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए, अनावश्यक एवं गलत चालानों की समीक्षा कर उन्हें निरस्त किया जाए तथा वाहन चालकों का उत्पीड़न बंद किया जाए। साथ ही वाहन चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए समिति के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मीडिया प्रभारी प्रकाश नाथ, राजीव जायसवाल, हर्षवर्धन सिंह, मनीष पाल सहित बड़ी संख्या में ऑटो-लोडर, पिकअप और डाला वाहन चालक एवं मालिक मौजूद रहे।



