CBSE परीक्षा विभाग में 44% पद खाली, संसद की समिति ने जताई परीक्षा सुरक्षा को लेकर चिंता
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE की परीक्षा व्यवस्था को लेकर संसद की प्राक्कलन समिति ने चिंता जताई है। समिति की रिपोर्ट के मुताबिक, CBSE के परीक्षा विभाग में करीब 44 फीसदी पद खाली हैं और संवेदनशील व गोपनीय परीक्षा कार्यों के लिए बोर्ड को ठेका कर्मचारियों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
समिति ने कहा कि प्रश्नपत्र, परीक्षा संचालन और अन्य गोपनीय प्रक्रियाओं जैसे कामों के लिए पर्याप्त संख्या में स्थायी कर्मचारी होना जरूरी है। बड़ी संख्या में पद खाली रहने से मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी पड़ती है और ठेका कर्मचारियों पर निर्भरता बढ़ती है। इससे परीक्षा की सुरक्षा और विश्वसनीयता को लेकर जोखिम पैदा हो सकता है।
रिपोर्ट में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए गए हैं। समिति के अनुसार, कुछ जगहों पर 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अभी भी पुरानी किताबों से पढ़ाया जा रहा है, जिससे पाठ्यक्रम में बदलाव की जरूरत सामने आती है।
अब समिति ने परीक्षा विभाग में खाली पदों को भरने और संवेदनशील कार्यों के लिए पर्याप्त स्थायी मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया की शुचिता, सुरक्षा और छात्रों का भरोसा बनाए रखना है।
Poonam Report



