लखनऊ में पांचवें गोमती पुस्तक महोत्सव का शुभारंभ, सीएम योगी बोले- बच्चों को पढ़नी चाहिए ‘एग्जाम वॉरियर्स’

लखनऊ, 12 सितंबर 2026: लखनऊ विश्वविद्यालय में शनिवार को पांचवें गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं और बच्चों को पढ़ने की आदत विकसित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ हर बच्चे को पढ़नी और उससे सीख लेनी चाहिए।
बच्चों को बांटी ‘एग्जाम वॉरियर्स’ पुस्तक
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में लगाए गए पुस्तक मेले और प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों को ‘एग्जाम वॉरियर्स’ की प्रतियां भी वितरित कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक केवल विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि युवाओं और अन्य लोगों के लिए भी उपयोगी है।
युवा किताबों से दूर नहीं, जरूरत पहुंच बढ़ाने की
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह कहना सही नहीं है कि आज का युवा किताबें नहीं पढ़ता या केवल सोशल मीडिया में समय बिताता है। उनके मुताबिक जरूरत इस बात की है कि अच्छी किताबें युवाओं तक आसानी से पहुंचें। उन्होंने लखनऊ और गोरखपुर में आयोजित पुस्तक महोत्सवों में लोगों की भागीदारी का उदाहरण भी दिया।
प्रदेश की 57,600 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय
सीएम योगी ने डिजिटल युग और ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालयों की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 57,600 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालयों की व्यवस्था की गई है, जहां नेशनल बुक ट्रस्ट की किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं और पुस्तकालयों के माध्यम से गांवों के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा विकसित करने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
स्कूलों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी पर जोर
मुख्यमंत्री ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से स्कूलों के भवनों और सुविधाओं में सुधार किया गया है। कई विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
युवाओं से अपना बुक बैंक बनाने की अपील
सीएम योगी ने युवाओं से अपनी जरूरत के अनुसार किताबें खरीदने और पढ़ने की आदत विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ साहित्य, धार्मिक ग्रंथ, महापुरुषों की आत्मकथाएं और वैज्ञानिकों से जुड़ी किताबें भी पढ़नी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपना ‘बुक बैंक’ बनाने का आह्वान किया और कहा कि खाली समय में पुस्तक पढ़ना जीवन को नई दिशा दे सकता है।
पुस्तक महोत्सव को प्रदेश के अन्य हिस्सों तक ले जाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने गोमती पुस्तक महोत्सव के आयोजकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे पुस्तक महोत्सव केवल लखनऊ तक सीमित नहीं रहने चाहिए। इन्हें प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक भी पहुंचाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक युवा और विद्यार्थी पुस्तकों से जुड़ सकें।
Poonam Report



