हरितालिका तीज पर पशुपतिनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुबह 3 बजे से खुले चारों द्वार

नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में हरितालिका तीज के अवसर पर सोमवार सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के चारों द्वार सुबह 3 बजे ही खोल दिए गए, ताकि पूजा और दर्शन के लिए आने वाली महिलाओं को सुविधा मिल सके।
पशुपति क्षेत्र विकास ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए हैं। मित्रपार्क, जयबागेश्वरी, सिनामंगल और पिंगलास्थान की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग रास्तों की व्यवस्था की गई है। सुबह बारिश के बावजूद मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर क्षेत्र में करीब 4,000 सुरक्षाकर्मी और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के 855 स्वयंसेवक व्यवस्था संभाल रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर चंदन वितरण की व्यवस्था भी की गई है।
हरितालिका तीज के अवसर पर नेपाल के अन्य शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है। इस पर्व पर श्रद्धालु भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करते हैं तथा परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करते हैं।
Poonam Report



