आजमगढ़ में विवेचनाओं में लापरवाही पर दो थानाध्यक्ष निलंबित, एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
आजमगढ़ में मामलों की विवेचना में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अहरौला और अतरौलिया थानों के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर कई विवेचनाओं को लंबित रखने और निर्धारित समय सीमा में मामलों का निस्तारण नहीं करने का आरोप है।
अहरौला के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक मंतोष सिंह और अतरौलिया के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक देवेंद्र नाथ दुबे पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता बरतने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक थाना स्तर पर तैनाती के दौरान कई मामलों की विवेचना लंबित रही और उच्चाधिकारियों की ओर से समय-समय पर दिए गए आदेशों एवं निर्देशों के अनुपालन में भी अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई।
एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की ओर से कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में लापरवाही सामने आने पर भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दोनों थानाध्यक्षों के निलंबन के बाद पुलिस विभाग ने नई तैनातियां भी की हैं। उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार दुबे को अतरौलिया और उपनिरीक्षक राम किशोर शर्मा को अहरौला का थानाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अन्य पुलिस अधिकारियों के भी तबादले और नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
Poonam Report



