मिल्कीपुर में बनेगा एनएसजी का क्षेत्रीय हब, 67 एकड़ जमीन का प्रस्ताव

अयोध्या के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) का क्षेत्रीय हब स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए देवगांव पूरे लाल खां में 67 एकड़ बंजर भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। ग्राम प्रबंध समिति की ओर से प्रस्ताव भेजे जाने के बाद संबंधित अधिकारियों ने स्थल का सर्वे भी पूरा कर लिया है। अब शासन की मंजूरी के बाद भूमि आवंटन और हब की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
प्रस्तावित स्थल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से करीब 500 मीटर दूर और अयोध्या धाम से लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर बताया गया है। यह क्षेत्र अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के समीप गोमती नदी के किनारे स्थित है। एक्सप्रेसवे के नजदीक होने के कारण आपात स्थिति में यहां से आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित क्षेत्रीय हब में एनएसजी के प्रशिक्षण, परिचालन और आवश्यक सुरक्षा सुविधाओं से जुड़ा आधारभूत ढांचा विकसित करने की योजना है। केंद्र स्थापित होने के बाद अयोध्या के साथ प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और पूर्वांचल के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किसी बड़े सुरक्षा संकट की स्थिति में एनएसजी की त्वरित पहुंच को सुविधा मिल सकती है। जरूरत पड़ने पर आसपास के राज्यों में भी सुरक्षा बलों की तैनाती के लिए यह केंद्र उपयोगी हो सकता है।
अयोध्या कैंट क्षेत्र के गौरा बारीक में एनएसजी के लिए पहले से करीब आठ एकड़ भूमि 99 वर्ष की लीज पर उपलब्ध कराई जा चुकी है। अब क्षेत्रीय स्तर पर बड़े केंद्र की आवश्यकता को देखते हुए मिल्कीपुर में 67 एकड़ भूमि का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
मिल्कीपुर के एसडीएम पवन कुमार शर्मा के अनुसार, एनएसजी हब के लिए 67 एकड़ भूमि का प्रस्ताव भेजा जा चुका है और स्थल का सर्वे भी किया गया है। भूमि आवंटन और हब की स्थापना की अंतिम प्रक्रिया शासन स्तर पर प्रस्ताव के अनुमोदन तथा अन्य औपचारिकताओं के बाद स्पष्ट होगी। ग्राम प्रधान शंकर बक्श यादव ने बताया कि पूरे लाल खां में करीब 933 बीघा ग्राम समाज की भूमि है, जिसमें से 67 एकड़ भूमि एनएसजी हब के लिए प्रस्तावित की गई है।
Poonam Report



