वाराणसी में 42 वर्षीय युवक की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला मोहल्ले में शुक्रवार को 42 वर्षीय युवक पवन यादव की मौत का मामला सामने आया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पवन यादव का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी पत्नी बेटी के साथ दिल्ली चली गई थी। परिजनों ने बताया कि इसके बाद से पवन परेशान रहते थे और उनका इलाज भी चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक पवन घर में सबसे बड़े थे। करीब 20 वर्ष पहले हुए एक सड़क हादसे के बाद से उनकी तबीयत और मानसिक स्थिति से जुड़ी समस्याएं बनी हुई थीं। हाल के समय में पारिवारिक विवाद के कारण भी वह परेशान थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्र ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने पवन की पत्नी को भी घटना की जानकारी दे दी है।
Poonam Report



