देवरिया में 13 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र, कृषि मंत्री ने युवाओं को दी बधाई

देवरिया। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग की ओर से नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को एक्सरे टेक्नीशियन और होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के पदों पर नियुक्ति पत्र दिए गए। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
यह कार्यक्रम लखनऊ के लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के क्रम में जिले स्तर पर आयोजित किया गया था। देवरिया जिले के कुल 13 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिनमें आठ होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और पांच एक्सरे टेक्नीशियन शामिल हैं।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देने के संबंध में मुख्यमंत्री की ओर से किए गए वादे को नियुक्ति पत्र वितरण के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के अलग-अलग गांवों के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों से सेवा भावना के साथ जनपद, प्रदेश और देश की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से वर्ष 2024 में शुरू हुई थी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा, एसीएमओ डॉ. अजीत कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. विपिन रंजन, जिला होम्योपैथिक अधिकारी सहित आयुष विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Poonam Report



