उत्तर प्रदेशफ़र्रूख़ाबाद

फर्रुखाबाद में हिंदी पखवाड़े पर 17 साहित्यकार सम्मानित, 44 इंटर कॉलेजों को बांटी गईं पुस्तकें

फर्रुखाबाद में हिंदी पखवाड़े के अवसर पर राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और साहित्य के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सम्मान समारोह एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन फतेहगढ़ स्थित पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में किया गया।

कार्यक्रम में जिले के 17 साहित्यकारों को हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र, सम्मान-पत्र, पुस्तकें और शॉल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही चयनित 44 इंटर कॉलेजों को भी पुस्तकें वितरित की गईं।

समारोह में सांसद मुकेश राजपूत मुख्य अतिथि रहे। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम संयोजक दीपिका राजपूत ने अतिथियों का स्वागत किया।

सम्मानित होने वाले साहित्यकारों में डॉ. शिवओम अंबर, सुरेंद्र सिंह सोमवंशी, पवन बाथम, बृजकिशोर सिंह, रामावतार शर्मा इंदु, महेश पाल सिंह उपकारी, नलिन श्रीवास्तव, डॉ. गरिमा पांडेय, प्रीति पवन तिवारी, भूपेंद्र प्रताप सिंह, भारती मिश्रा, सुरेंद्र पांडेय, उपकार मणि अभिनव सोमवंशी, उत्कर्ष अग्निहोत्री, स्मृति अग्निहोत्री और विशाल श्रीवास्तव शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिवओम अंबर ने कहा कि देश के सामने समस्याएं आती रहेंगी, लेकिन उनका सकारात्मक सोच के साथ सामना करना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तकों को पढ़ने और उनसे सीखने का तरीका व्यक्ति पर निर्भर करता है। उन्होंने विद्यालयों तक पुस्तकें पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।

सांसद मुकेश राजपूत ने हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के प्रयासों को आगे भी जारी रखने की बात कही। उन्होंने अगले वित्तीय वर्ष में इससे बेहतर साहित्यकार सम्मान और पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान में छूट गए शैक्षणिक संस्थानों को अगले वित्तीय वर्ष में पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के सेवानिवृत्त लेखाकार वीरेंद्र कुमार सिंह, कंप्यूटर प्रोग्रामर देवेश सक्सेना, डाटा एंट्री ऑपरेटर पूजा भदौरिया और राजकीय जिला पुस्तकालयाध्यक्ष रविंद्र प्रताप सक्सेना समेत अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं को भी शिक्षा और सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान-पत्र दिए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों में हिंदी भाषा, साहित्य तथा पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना और हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का संचालन युवा कवि एवं शिक्षक वैभव सोमवंशी ने किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, साहित्यकारों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button