देवरिया में 23 सितंबर को मनेगा 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस, होंगे कई आयोजन

देवरिया में 23 सितंबर को 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रखी गई है। इस अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जयराम यादव ने बताया कि आयुर्वेद दिवस का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिले में संचालित सभी आयुर्वेदिक चिकित्सालयों पर ग्रामीणों के बीच चौपाल और निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में लोगों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक औषधियों का वितरण किया जाएगा। इस दौरान लोगों का प्रकृति परीक्षण भी किया जाएगा। आयुर्वेद और औषधीय पौधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पौधों का वितरण भी किया जाएगा।
चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को आयुर्वेद के सिद्धांतों, स्वस्थ जीवनशैली और दैनिक जीवन में आयुर्वेद को अपनाने से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए जिला मुख्यालय पर जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार विभिन्न आयोजनों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेद से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
Poonam Report



