मीरजापुर में रोजगार मेले में 450 से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन, 14 कंपनियों ने लगाया स्टॉल

मीरजापुर। मवई कला स्थित पंचशील डिग्री कॉलेज में सोमवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 14 कंपनियों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न पदों और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। इस दौरान 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने रोजगार के लिए अपना पंजीयन कराया।
रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि छानबे विधायक रिंकी कोल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं से आवेदन प्राप्त किए और उपलब्ध पदों के लिए चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। पंजीयन कराने वाले युवाओं का चयन संबंधित कंपनियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
सहायक सेवा नियोजन अधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि युवाओं की योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कंपनियों को मेले में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने बताया कि इस तरह के रोजगार मेले समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पंचशील डिग्री कॉलेज के प्रबंधक लालबहादुर मौर्य ने युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य राघवेंद्र कुमार श्रीवास्तव सहित कॉलेज के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Poonam Report.



