बाराबंकी में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज, 450 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

बाराबंकी। पुलिस लाइंस परिसर में सोमवार को राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 450 बालक और बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा और संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं नवाबगंज की उप जिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल समेत प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने विभिन्न तीरंदाजी स्पर्धाओं में अपने हुनर का प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षक और खेल अधिकारी भी मौजूद रहे।
Poonam Report.



