कानपुर: राशन वितरण के दौरान मतदाता सूची की जांच करेंगे कोटेदार, छूटे हुए नामों को जुड़वाने की होगी पहल

कानपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन विभाग ने नई पहल की है। अब राशन वितरण के दौरान कोटेदार भी मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने के अभियान में सहयोग करेंगे। इसके तहत वे राशन कार्डधारकों और उनके परिवार के सदस्यों के मतदाता पंजीकरण की जानकारी जुटाकर सूची से छूटे हुए पात्र लोगों को जागरूक करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को वीडियो संदेश के माध्यम से जनपद के सभी कोटेदारों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोटेदारों का राशन कार्डधारकों और उनके परिवारों से नियमित संपर्क रहता है। ऐसे में वे आसानी से पता लगा सकते हैं कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही ऐसे नागरिकों के नाम और मोबाइल नंबर उनकी सहमति से एकत्र किए जाएं, ताकि निर्वाचन विभाग तक उनकी जानकारी पहुंचाई जा सके।
उन्होंने बताया कि कोटेदारों से प्राप्त जानकारी पूर्ति निरीक्षकों और जिला पूर्ति कार्यालय के माध्यम से निर्वाचन तंत्र को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद संबंधित नागरिकों को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने में आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने आमजन से भी अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच अवश्य करें। जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए हैं, वे पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराएं।
प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अभियान में कोटेदारों की भागीदारी से मतदाता पंजीकरण से वंचित लोगों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Poonam Report.



