उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्य

गोरखपुर: बीएएमएस के विद्यार्थियों ने सीखा आयुर्वेदिक औषधियों का निर्माण, प्राथमिक उपचार और योग का महत्व

गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर के गुरु गोरक्षनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आयुर्वेद कॉलेज) में नवप्रवेशित शारंगधर बैच (2026-27) के बीएएमएस विद्यार्थियों के लिए आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम के सातवें दिन शैक्षणिक भ्रमण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आयुर्वेदिक औषधियों के निर्माण, औषधीय वनस्पतियों की पहचान और चिकित्सा पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.आर.सी. रेड्डी ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने आयुष फार्मेसी का भ्रमण कर विभिन्न आयुर्वेदिक औषधियों, उनके निर्माण की प्रक्रिया और औषधि निर्माण में इस्तेमाल होने वाले द्रव्यों के बारे में जानकारी हासिल की। इसके साथ ही शल्य विभाग और द्रव्यगुण विभाग का भी अवलोकन किया।

डॉ. विनम्र शर्मा, डॉ. प्रज्ञा सिंह, आचार्य साध्वी नन्दन पाण्डेय एवं डॉ. श्री लक्ष्मी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने औषधीय वनस्पतियों की पहचान, उनके गुणधर्म और चिकित्सकीय उपयोगिता का प्रत्यक्ष अध्ययन किया।

इस दौरान डॉ. अनिल कुमार सिंह ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अष्टांग योग की मूलभूत समझ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने पतंजलि योगसूत्र के संदर्भ में अष्टांग योग, प्राणायाम और ध्यान के महत्व को समझाते हुए स्वस्थ जीवनशैली एवं मानसिक संतुलन में योग की उपयोगिता बताई।

वहीं, डॉ. संदीप उपाध्याय ने प्राथमिक चिकित्सा एवं सामान्य चोटों में तत्काल सहायता विषय पर प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों को सामान्य चोटों की स्थिति में प्राथमिक उपचार और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त डॉ. अर्पित वालिया एवं डॉ. दीक्षा के. ने बेसिक लाइफ सपोर्ट का प्रशिक्षण प्रदान किया।

इस शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक चिकित्सा के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ उसके व्यावहारिक पक्ष को समझने का अवसर मिला।

Poonam Report.

Related Articles

Back to top button