औरैया में नहर में गिरा युवक, दूसरे दिन मिला शव, तलाश के बाद बरामद हुआ शव

औरैया के बेला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम रामगंगा नहर में गिरे 25 वर्षीय युवक की रविवार सुबह मौत हो गई। अलीपुर गांव निवासी आशुतोष पुत्र कृष्ण कुमार सविता नहर किनारे टहल रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने से वह संतुलन खो बैठा और नहर में गिर गया। ग्रामीणों ने युवक को नहर में गिरते देखा तो तत्काल उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीएम बिधूना कमल कुमार सिंह, सीओ पुनीत मिश्रा, बेला थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फायर ब्रिगेड की टीम और गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान चलाया गया। ग्रामीण भी देर रात तक युवक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान में काफी परेशानी आई और युवक का पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। इसी दौरान युवक का शव नहर से बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रातभर नहर किनारे युवक के मिलने की उम्मीद में डटे रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के अनुसार आशुतोष तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Poonam Report



