मथुरा में 28 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा, गौ विज्ञान केंद्र में कई परियोजनाओं की देंगे सौगात

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, 28 नवंबर को मथुरा जनपद के गऊ ग्राम, परखम (फरह) पहुंचेंगे। यहां दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में निर्मित विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल, अतिथियों के स्वागत और पार्किंग की व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर विद्यार्थी छात्रावास का लोकार्पण करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय और कर्मचारियों के लिए 2 बीएचके आवासीय परिसर का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं से आयुर्वेद, पशु चिकित्सा और गौ विज्ञान से जुड़े अनुसंधान एवं प्रशिक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
आयोजन में निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि और जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि का आशीर्वचन भी प्राप्त होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है। वीआईपी अतिथियों, पत्रकारों, विशिष्ट अतिथियों और आम आगंतुकों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और अन्य तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में होने वाला यह कार्यक्रम गौ विज्ञान, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में नए शैक्षणिक एवं अनुसंधान अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Poonam Report.



