मुरादाबाद के नए डीएम अनुनय झा ने संभाला कार्यभार, समस्याओं के समयबद्ध समाधान को प्राथमिकता

मुरादाबाद। जिले के नवागत जिलाधिकारी अनुनय झा ने बुधवार को पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ जिले की प्राथमिकताओं को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकता होगी।
अनुनय झा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जायज काम में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि वह 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह महाराजगंज और हरदोई के जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। मुरादाबाद में जिलाधिकारी के रूप में यह उनकी तीसरी नियुक्ति है।
नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व मामलों और आईजीआरएस से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। इसके अलावा जिले में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। हाल में बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को गड्ढामुक्त कराने और किसानों की समस्याओं के समाधान को भी उन्होंने प्राथमिकता में रखा है।
अनुनय झा से पहले मुरादाबाद के जिलाधिकारी रहे डॉ. राजेंद्र पैंसिया का तबादला विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार के पद पर किया गया है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय सहित विभिन्न उप जिलाधिकारी और कलेक्ट्रेट के कर्मचारी मौजूद रहे।
Poonam Report



