उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगा संस्कृति का रंग, हर शाम होंगी खास प्रस्तुतियां

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश की कला और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच देने के उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में व्यापार के साथ कला-संस्कृति का भी संगम देखने को मिलेगा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले पांच दिवसीय आयोजन की हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगी।

ट्रेड शो का शुभारंभ शंख वादन और स्वस्ति वाचन के साथ होगा। कार्यक्रम में लोक परंपराओं से लेकर सुगम संगीत तक की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। देश और प्रदेश के कई प्रमुख कलाकार इस आयोजन में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन में बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर, लोकगीत गायिका मालविका हरिओम, पद्मश्री पंडित शिवनाथ मिश्र का सितार वादन और भजन गायक ओमप्रकाश दुबे की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा दिग्गज कोरियोग्राफर श्रीराम सांखला, बांदा बैरागी बैंड और सर्वत्र बैंड भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

ट्रेड शो को केवल व्यापार और निवेश से जुड़े आयोजन के बजाय उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का मंच भी बनाया गया है। आयोजकों के अनुसार, इसके माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं को देश-विदेश के लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में उद्यमिता, निवेश और व्यापारिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी समानांतर रूप से होंगे। इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलने के साथ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button